सरयू नदी में डूबने से दो सगी बहनों की मौत, छोटी को बचाने में बड़ी बहन भी डूबी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

परसपुर, गोण्डा। परसपुर थाना क्षेत्र के ग्राम राजापुर पंचायत के बद्दूपुरवा निवासी अरुण कुमार तिवारी की दो सगी बेटियों की रविवार को सरयू नदी में डूबने से मौत हो गई। हादसा भौरीगंज स्थित श्रीराम-जानकी घाट पर सुबह करीब 10 बजे हुआ। मृतकों की पहचान सुप्रिया तिवारी (15) और सुहानी तिवारी (9) के रूप में हुई है। वहीं, परिवार में मृतक बालिकाओं की बड़ी बहन एकता तिवारी है। दोनों बहनें अपने घर से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित भौरीगंज के श्रीराम-जानकी घाट पर साइकिल से मछलियों को दाना डालने और स्नान करने गई थीं। बताया गया कि दोनों पहले नदी किनारे बैठकर मछलियों को चारा डाल रही थीं। इसके बाद वे नदी में स्नान करने लगीं। इसी दौरान छोटी बहन सुहानी का अचानक पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गई। सुहानी को डूबता देख बड़ी बहन सुप्रिया उसे बचाने के लिए पानी में उतर गई, लेकिन नदी में पानी गहरा होने के कारण वह भी संभल नहीं सकी। देखते ही देखते दोनों बहनें नदी में डूब गईं। घटना के बाद घाट के आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल नदी में उतरकर दोनों बहनों की तलाश शुरू कर दी। काफी प्रयास के बाद दोनों को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी हालत गंभीर हो चुकी थी। ग्रामीणों की मदद से दोनों को एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परसपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। इस घटना के संबंध में परसपुर थानाध्यक्ष कमल शंकर चतुर्वेदी ने बताया कि रविवार को सरयू घाट भौरीगंज पर दो बालिकाओं के नदी में डूबने की सूचना मिली थी। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों बालिकाओं को नदी से बाहर निकलवाकर एंबुलेंस से सीएचसी परसपुर भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। परिजनों की सूचना पर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए गोण्डा भेज दिया गया है। बताया गया कि दोनों बहनें घर से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित घाट पर गई थीं। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। दोनों बेटियों की मौत की खबर सुनकर मां, बड़ी बहन एकता तिवारी और अन्य परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है। गांव में भी घटना के बाद मातम पसरा हुआ है।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें