


परसपुर, गोण्डा। परसपुर थाना क्षेत्र के मधईपुर कुर्मी गांव के मजरे मोल्हू पुरवा के पास बुधवार को बाइक सवार दो बदमाशों ने चलती बाइक पर महिला के गले से सोने की चेन झपट ली। अचानक चेन खींचे जाने से महिला बाइक से सड़क पर गिरकर घायल हो गई। घटना के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए।
लखनऊ निवासी ममता कश्यप पत्नी मनी प्रकाश कश्यप रक्षाबंधन पर अपनी सात वर्षीय बेटी के साथ मायके चौहरजा पुरवा आई थीं। बुधवार को ससुराल लौटने के लिए वह अपने भाई के घर से पसका रोड पहुंचीं और वाहन का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान उन्होंने एक बाइक सवार से परसपुर बाजार तक छोड़ने के लिए लिफ्ट ली।ममता के मुताबिक, रास्ते में दूसरी बाइक पर सवार दो युवकों ने उनकी बाइक को क्रॉस किया। कुछ दूर जाने के बाद दोनों वापस लौटे और बाइक में हवा कम होने का इशारा किया। महिला कुछ समझ पातीं, इससे पहले ही बदमाशों ने चलती बाइक पर झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन खींच ली और तेज गति से फरार हो गए।
अचानक चेन खींचे जाने से बाइक का संतुलन बिगड़ गया और ममता सड़क पर गिरकर घायल हो गईं। चेन खींचने से उनके गले में भी खरोंचें आई हैं। परिजनों के अनुसार, छीनी गई चेन करीब 10 ग्राम वजन की थी, जिसकी कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधीक्षक अभिषेक, अपर पुलिस अधीक्षक राधेश्याम राय और क्षेत्राधिकारी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़िता से घटना की जानकारी ली।
थानाध्यक्ष कमल शंकर चतुर्वेदी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए एसओजी समेत पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।






