


परसपुर, गोंडा। परसपुर थाना क्षेत्र में नशीले पदार्थों की खुलेआम बिक्री का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कथित तौर पर थाना परिसर से कुछ ही दूरी पर दिनदहाड़े गांजे की पुड़िया बनाकर बिक्री किए जाने का दावा किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि गांजा 70 और 120 रुपये की पुड़िया में बेचा जा रहा है।
मामले को लेकर स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि थाना क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी के बावजूद इस तरह नशीले पदार्थों की बिक्री हो रही है तो यह कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। आरोप है कि वायरल वीडियो की जानकारी परसपुर पुलिस को दी गई और संबंधित वीडियो पुलिस के सीयूजी नंबर पर भी भेजा गया, लेकिन सूचना दिए जाने के कई घंटे बाद तक कोई स्पष्ट कार्रवाई नहीं हुई।कार्रवाई में कथित देरी को लेकर परसपुर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों में चर्चा है कि आखिर थाना क्षेत्र में इतनी आसानी से गांजे की बिक्री कैसे हो रही है और पुलिस को इसकी भनक क्यों नहीं लगी।
वायरल वीडियो की सत्यता और उसमें दिखाई दे रहे व्यक्ति की पहचान की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच जरूरी है। अब देखना यह है कि पुलिस वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर गांजा बिक्री करने वालों के खिलाफ क्या कार्रवाई करती है।सबसे बड़ा सवाल यही है कि थाना से चंद कदम की दूरी पर चल रही कथित नशे की दुकान पर पुलिस की नजर क्यों नहीं पड़ी?
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।








