



महराजगंज/रायबरेली। बछरावां विधानसभा क्षेत्र में लगातार दो सप्ताह से अधिक समय से हो रही भारी बारिश के चलते ग्रामीण इलाकों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। खेतों, सड़कों और गांवों में जलभराव से ग्रामीणों को आवागमन से लेकर भोजन और सुरक्षित आश्रय तक की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर घरों और रास्तों में घुटनों से लेकर कमर तक पानी भरा हुआ है।
जलभराव की सबसे अधिक मार किसानों पर पड़ी है। खेतों में पानी भरने से धान समेत अन्य फसलें जलमग्न हैं और किसानों को फसल बर्बाद होने की चिंता सता रही है। वहीं कई परिवार सुरक्षित स्थानों पर रहने को मजबूर हैं। जलभराव का असर शिक्षण व्यवस्था पर भी पड़ा है।
बाढ़ और जलभराव की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका और पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में प्रशासनिक एवं पुलिस टीमें प्रभावित क्षेत्रों का लगातार निरीक्षण कर रही हैं। प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री और आवश्यक सहायता पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में पूर्व विधायक एवं भाजपा नेता रामलाल अकेला ने बुधवार को लोदीपुर, दीवान का पुरवा, धूंगा, लोनार और तिलक के पुरवा गांवों का दौरा किया। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं जानीं और राहत सामग्री वितरित की।
प्रत्येक पीड़ित परिवार को पांच किलो चावल, पांच किलो आटा और पांच किलो आलू दिए गए। इसके अलावा करीब 200 महिलाओं को साड़ियां तथा बच्चों को टॉफियां और बिस्कुट वितरित किए गए। कार्यक्रम में कुल पांच-पांच कुंतल चावल, आटा और आलू बांटे जाने की जानकारी दी गई।
पूर्व विधायक ने इससे पहले भी मोन ग्राम पंचायत के जियापुर में 41, लालगंज में 43 तथा कोडरी गांव में 105 बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री उपलब्ध कराई थी।
रामलाल अकेला ने कहा कि बाढ़ और जलभराव से प्रभावित परिवारों को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। जरूरत पड़ने तक गांवों में पहुंचकर अपनी क्षमता के अनुसार मदद का प्रयास जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में प्रशासन के साथ सामाजिक रूप से सक्षम लोगों और जनप्रतिनिधियों को भी आगे आना चाहिए।
राहत वितरण के दौरान भाजपा नेता डॉ. माताफेर सिंह, बछरावां चेयरमैन शिवेंद्र सिंह उर्फ रामजी, प्रधान संघ अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह उर्फ दद्दू सिंह, व्यवसायी राजकुमार सिंह उर्फ मोंगा, डॉ. चंद्रमणि त्रिपाठी, निजाम भाई, राजू खैरहना प्रधान, रामजी जायसवाल समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से जलनिकासी, खाद्यान्न, दवाइयों और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था कराने की मांग की। किसानों ने जलमग्न फसलों का सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिलाने की मांग भी उठाई है।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।






