विदाई समारोह में भावुक हुआ राजस्व परिवार,31 अगस्त को एक साथ सेवानिवृत्त हुए दो कानूनगो

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

करनैलगंज/गोण्डा। सोमवार को तहसील सभागार करनैलगंज में उस समय भावुक माहौल देखने को मिला, जब राजस्व विभाग में लंबे समय तक अपनी ईमानदारी, सादगी, हंसमुख स्वभाव और कर्तव्यनिष्ठा से अलग पहचान बनाने वाले दो अनुभवी कानूनगो राम बहादुर पाण्डेय और वीरेंद्र बहादुर पाठक एक साथ सेवानिवृत्त हुए। दोनों अधिकारियों के सम्मान में आयोजित विदाई समारोह में तहसील के राजस्व परिवार एवं शुभचिंतकों ने उन्हें फूल-मालाओं से लादकर सम्मानित किया और उनके सुखद, स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

समारोह में वक्ताओं ने दोनों सेवानिवृत्त अधिकारियों के सेवाकाल को याद करते हुए उनके योगदान की सराहना की। विशेष रूप से राम बहादुर पाण्डेय की कार्यशैली और व्यवहार की चर्चा करते हुए कहा गया कि उन्होंने कभी अपने पद का अहंकार नहीं किया। वे छोटे से छोटे लेखपाल से लेकर किसानों तक की समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुनते थे और उनके समाधान के लिए हमेशा तत्पर रहते थे। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे सहज, सरल और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी बहुत कम देखने को मिलते हैं।

अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर किया सम्मानित

गरिमामय विदाई समारोह की अध्यक्षता कर रहे नायब तहसीलदार अतुल पाल एवं नायब तहसीलदार विकास राज ने दोनों सेवानिवृत्त कानूनगो को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके साथ बिताए कार्यकाल के अनुभव साझा किए।

समारोह में राजस्व निरीक्षक ईश्वर शरण तिवारी, लेखपाल विकास सिंह, वीरेश सिंह, विजय कुमार थारू, धर्मेंद्र तिवारी, मनोज कुमार सिंह बब्लू, राम प्रकाश गोस्वामी, सुरेंद्र गोस्वामी तथा वकील बाबा सहित तहसील का पूरा राजस्व स्टाफ मौजूद रहा।

सहकर्मियों ने दोनों सेवानिवृत्त अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकारी सेवा से भले ही उनका औपचारिक रिश्ता समाप्त हो गया हो, लेकिन उनके सरल व्यवहार और कार्यशैली की यादें राजस्व परिवार के बीच हमेशा बनी रहेंगी। समारोह के अंत में सभी ने दोनों के उज्ज्वल भविष्य, अच्छे स्वास्थ्य और सुखमय जीवन की कामना की।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें