लखनऊ। योगी सरकार में युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम सामने आया है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने सहायक लेखाकार तथा लेखा परीक्षक की भर्ती परीक्षाओं के परिणाम घोषित कर दिए हैं। आयोग की ओर से चयनित अभ्यर्थियों की सूची के साथ विभिन्न श्रेणियों की कटऑफ भी वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है।
जारी परिणाम के अनुसार कुल 1828 पदों के सापेक्ष 1643 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन किया गया है। इनमें सहायक लेखाकार और लेखा परीक्षक के सामान्य तथा विशेष चयन पद शामिल हैं।
आयोग के अनुसार सहायक लेखाकार के 668 सामान्य पदों पर 570 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। वहीं 950 विशेष चयन पदों पर 866 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है।
इसी क्रम में लेखा परीक्षक के 209 सामान्य पदों पर 206 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन किया गया है। आयोग ने चयनित अभ्यर्थियों की सूची जारी करने के साथ ही विभिन्न श्रेणियों की कटऑफ भी अपनी वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी है।
परिणाम जारी होने के बाद लंबे समय से परीक्षा परिणाम का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों में खुशी का माहौल है। अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना परिणाम, चयन सूची और संबंधित श्रेणी की कटऑफ देख सकते हैं।
आयोग ने चयन प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक जानकारी भी अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध कराई है। चयनित अभ्यर्थियों को आगे की प्रक्रिया के लिए आयोग की ओर से जारी निर्देशों का पालन करना होगा।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।







