
महराजगंज/रायबरेली। कोतवाली महराजगंज क्षेत्र के नरायनपुर मजरे मोन गांव में चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर बक्से का ताला तोड़ दिया और उसमें रखे सोने-चांदी के लाखों रुपये कीमत के जेवरात चोरी कर लिए। पीड़ित ने घटना की सूचना डायल 112 पर देने के साथ ही कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

नरायनपुर मजरे मोन निवासी रामसागर पुत्र रामप्रसाद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह 10 अगस्त की रात करीब 10 बजे परिवार के साथ भोजन करने के बाद घर के प्रथम तल पर सो गए थे। 11 अगस्त की सुबह परिवार के लोग गांव के अंदर स्थित दूसरे मकान पर चले गए। दोपहर करीब 12 बजे जब वह वापस अपने घर पहुंचे तो दूसरे तल पर रखे बक्से का ताला टूटा मिला और सामान बिखरा पड़ा था।
पीड़ित के मुताबिक बक्से में रखे सोने की एक जोड़ी झुमकी, मंगलसूत्र तथा चांदी की हाफ पेटी, पायजेब और पायल समेत लाखों रुपये कीमत के जेवरात गायब थे। पीड़ित ने घटना की सूचना तत्काल डायल 112 को दी। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
थाना प्रभारी महराजगंज जगदीश यादव ने बताया कि चोरी की सूचना मिली है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली है। तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और चोरी की घटना का जल्द खुलासा करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।






