महराजगंज/रायबरेली। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में शनिवार को महराजगंज कस्बे में समरसता संकल्प अभियान के अंतर्गत भव्य कलश वंदन यात्रा निकाली गई। संत रविदास महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर, वाराणसी की पावन माटी से युक्त कलश को लेकर निकली इस यात्रा में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। यात्रा के दौरान पूरा कस्बा श्रद्धा और भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।
कलश वंदन यात्रा का शुभारंभ रायबरेली रोड स्थित मां जसवंतरी देवी मंदिर परिसर से हुआ। भाजपा नेता एवं नगर के प्रथम नागरिक टाउन एरिया अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रभात साहू तथा भाजपा मंडल अध्यक्ष अमित कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में निकली शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और कार्यकर्ता शामिल हुए।
धार्मिक उत्साह के बीच कलश वंदन यात्रा कस्बे के प्रमुख मार्गों से होती हुई पुलिस चौकी तिराहे पहुंची। इसके बाद यात्रा बछरावां रोड स्थित श्री राम जानकी मंदिर पहुंची, जहां विधि-विधान के साथ कलश का पूजन-अर्चन किया गया।
जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत
यात्रा के दौरान कस्बे के विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया। कई स्थानों पर कलश यात्रा पर पुष्पवर्षा की गई। स्वागत और पुष्पवर्षा के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। इससे पूरे कस्बे में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
पूजन-अर्चन के बाद कलश वंदन यात्रा सलेथू गांव स्थित प्राचीन शिव मंदिर के लिए रवाना हुई। आयोजकों के अनुसार सलेथू से कलश यात्रा का रथ मोन गांव स्थित महर्षि बाबा ओरीदास की तपोस्थली पहुंचेगा। इसके बाद यात्रा मऊ स्थित ऊचेश्वर महादेव मंदिर पहुंचेगी, जहां विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया जाएगा। आयोजकों ने बताया कि कलश यात्रा विभिन्न धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों से होकर आगे बढ़ती रहेगी।
संत रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प
कलश वंदन यात्रा के माध्यम से संत रविदास महाराज के समरसता, समानता और सामाजिक एकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। यात्रा में शामिल लोगों ने संत रविदास महाराज के विचारों को आत्मसात करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर भाजपा नेता प्रभात साहू, मंडल अध्यक्ष अमित कुमार श्रीवास्तव, पूर्व मंडल अध्यक्ष एवं नामित सभासद सूर्य प्रकाश वर्मा, सर्वेश कुमार अवस्थी एडवोकेट, सभासद विजय धीमान, विनीत वैश्य, धर्मेंद्र वर्मा, रवितोष त्रिपाठी, घनश्याम चौरसिया, रवि सक्सेना, प्रेम मिश्रा, राघवेंद्र सिंह, राम अभिलाख लोधी, छोटू रस्तोगी, धीरज मौर्य सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी और श्रद्धालु मौजूद रहे।
श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक समरसता के संदेश के साथ निकली इस भव्य कलश वंदन यात्रा ने महराजगंज कस्बे में धार्मिक उत्साह का माहौल बना दिया। जगह-जगह हुए स्वागत और पुष्पवर्षा ने यात्रा की भव्यता को और बढ़ा दिया।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।








