सपा विधायक श्याम सुंदर भारती ने दिवंगत विधायक उमाशंकर सिंह को दी श्रद्धांजलि, शोक संतप्त परिवार से की मुलाकात

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज/रायबरेली। बछरावां विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के विधायक श्याम सुंदर भारती गुरुवार को बलिया जनपद के रसड़ा पहुंचकर दिवंगत विधायक उमाशंकर सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर दिवंगत जनप्रतिनिधि को अंतिम नमन किया तथा शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए विधायक श्याम सुंदर भारती ने कहा कि, “उमाशंकर सिंह का निधन केवल उनके परिवार या विधानसभा क्षेत्र की ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने जनसेवा को अपना धर्म मानते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक अपनी पहुंच बनाई। जनता के हितों के प्रति उनका समर्पण, सादगी और संघर्ष हमेशा याद किए जाएंगे।”

उन्होंने कहा कि दिवंगत विधायक का व्यक्तित्व सभी राजनीतिक दलों के नेताओं के लिए प्रेरणास्रोत था। वे जनभावनाओं को समझने वाले, सरल, सहज और कर्मठ जनप्रतिनिधि थे। उनका निधन प्रदेश की राजनीति में एक ऐसा शून्य छोड़ गया है, जिसकी भरपाई आसान नहीं होगी।

विधायक श्याम सुंदर भारती ने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस दुःख की घड़ी में पूरा समाज उनके साथ खड़ा है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भी दिवंगत विधायक को श्रद्धासुमन अर्पित कर भावभीनी विदाई दी।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें