
गोंडा। थाना परसपुर क्षेत्र में एक युवक पर कथित जानलेवा हमले के मामले में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज होने के बावजूद तीन दिन बीत जाने पर भी आरोपियों की गिरफ्तारी न होने का आरोप लगाते हुए पीड़ित परिवार ने देवीपाटन रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) से मामले की विवेचना किसी अन्य निष्पक्ष अधिकारी को स्थानांतरित करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।
पीड़ित उमेश चौहान, पुत्र मुन्ना, निवासी ग्राम पूरे अजब लोनियनपुरवा, थाना परसपुर ने दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि 2 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 2 बजे उनका पुत्र बृजेश चौहान समूह का पैसा जमा करने के लिए बृजेन्द्र बहादुर के घर गया था। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद छोटू सिंह और रवि सिंह, पुत्रगण विजय प्रताप सिंह, निवासी ग्राम बहुवन मदार माझा ने लाठी-डंडों, लोहे की रॉड तथा लात-घूंसों से उस पर हमला कर दिया।
पीड़ित परिवार के अनुसार हमले में बृजेश गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। करीब पांच घंटे बाद उसे होश आया, लेकिन वह अब भी बीच-बीच में बेहोश हो जाता है। उसका उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) परसपुर में चल रहा है।
उमेश चौहान का आरोप है कि घटना की सूचना पर पहुंची डायल-112 और स्थानीय पुलिस आरोपियों को थाने ले गई थी, लेकिन कुछ घंटे बाद बिना किसी प्रभावी कार्रवाई के उन्हें छोड़ दिया गया। इसके बाद आरोपियों ने घर पहुंचकर दोबारा जान से मारने की धमकी दी।
इस मामले में थाना परसपुर में मु0अ0सं0 0357/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 110, 115(2) एवं 351(3) में मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़ित का कहना है कि 3 अगस्त 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) गोंडा को भी प्रार्थना पत्र दिया गया था, लेकिन गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज होने के बावजूद अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी खुलेआम धमकी दे रहे हैं कि उन्होंने पुलिस से सांठगांठ कर ली है और मुकदमे में अंतिम रिपोर्ट लगवा देंगे। इसी को लेकर परिवार ने अब DIG देवीपाटन रेंज को प्रार्थना पत्र देकर मामले की विवेचना किसी अन्य निष्पक्ष अधिकारी या थाने को हस्तांतरित करने, आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी कराने तथा परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस की ओर से इस मामले में आरोपों पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।






