
गोंडा। जनपद गोंडा के लिए गर्व की बात है कि नीति आयोग की आकांक्षी ब्लॉक रैंकिंग में रुपईडीह ब्लॉक ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए उत्तरी भारत में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। जनवरी से मार्च 2026 की तिमाही के दौरान स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, आधारभूत सुविधाओं और समग्र विकास के विभिन्न मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर यह सफलता मिली है।
इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने सभी संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों, फ्रंटलाइन वर्कर्स तथा विकास कार्यों से जुड़े सभी विभागों को बधाई देते हुए कहा कि यह पूरी टीम की मेहनत, समर्पण और बेहतर समन्वय का परिणाम है। उन्होंने सभी को भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहने का आह्वान किया।
वहीं, पूर्व मुख्य विकास अधिकारी अंकित जैन ने इस सफलता को टीमवर्क और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का परिणाम बताते हुए कहा कि जनपद के सभी विभागों ने मिलकर बेहतर प्रदर्शन किया, जिसके चलते रुपईडीह ब्लॉक ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है।
जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने कहा कि यह उपलब्धि एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, लेकिन लक्ष्य अभी और बड़ा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का अगला उद्देश्य रुपईडीह को पूरे देश का नंबर-1 आकांक्षी ब्लॉक बनाना है, जिसके लिए सभी विभागों को और अधिक समन्वय एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करना होगा।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।








