
परसपुर (गोंडा)। उत्तर प्रदेश कृषि विविधीकरण परियोजना (यूपी डास्प) के अंतर्गत संचालित यूपी एग्रीस कार्यक्रम के तहत विकासखंड परसपुर के विभिन्न गांवों में धान की सीधी बुवाई वाले प्रदर्शन प्लॉटों का वैज्ञानिकों एवं कृषि अधिकारियों की टीम ने निरीक्षण किया। इस दौरान किसानों को जलवायु अनुकूल खेती, संतुलित उर्वरक प्रबंधन, रोग एवं कीट नियंत्रण सहित आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी गई।

निरीक्षण टीम में सह वैज्ञानिक डॉ. धीरज कुमार तिवारी, क्लस्टर कोऑर्डिनेटर (देवीपाटन एवं बस्ती मंडल) डॉ. विपिन कुमार, शोध सहायक सुब्रजीत स्वाइन, वरिष्ठ उप प्रबंधक अमिताभ श्रीवास्तव, सहायक विकास अधिकारी (कृषि) परसपुर डॉ. अनूप सिंह चौहान तथा खंड तकनीकी प्रबंधक रोहित सिंह शामिल रहे।

निरीक्षण के दौरान ग्राम अंदूपुर में किसान हुकुम नाथ वर्मा के खेत पर वैज्ञानिकों ने संतुलित मात्रा में उर्वरकों के प्रयोग की सलाह दी। वहीं ग्राम सुसुंडा में किसान चंद्रशेखर पांडे के खेत में धान की फसल में पीलापन पाए जाने पर अनुशंसित फफूंदनाशक के छिड़काव की सलाह दी गई। इसके अलावा किसानों रवि शंकर सिंह, लक्ष्मी नारायण सहित अन्य कृषकों के खेतों का भी निरीक्षण कर आवश्यक तकनीकी सुझाव दिए गए।
अधिकारियों ने किसानों से नियमित रूप से फसलों की निगरानी करने, आवश्यकता के अनुसार उर्वरकों का संतुलित उपयोग करने तथा कीटनाशक एवं रोगनाशक दवाओं का वैज्ञानिक विधि से प्रयोग करने का आह्वान किया। साथ ही बदलती जलवायु के अनुरूप आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने पर बल देते हुए उत्पादन बढ़ाने और खेती की लागत कम करने के प्रभावी उपायों की भी जानकारी साझा की।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।









