जौहर यूनिवर्सिटी पर कार्रवाई के विरोध में सपा का प्रदर्शन, राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश के रामपुर स्थित मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय पर प्रस्तावित ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के विरोध में समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को बलिया में प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे और उत्तर प्रदेश की राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपते हुए कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने हाथों में बैनर लेकर नारेबाजी की। बैनरों पर लिखा था, “यूनिवर्सिटी कोई धार्मिक स्थल नहीं, यह देश के बच्चों का भविष्य है। इसे तोड़ना देश के बच्चों के भविष्य को बर्बाद करना है।”

मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष जलालुद्दीन उर्फ जे.डी. ने कहा कि जौहर यूनिवर्सिटी केवल एक शैक्षणिक संस्थान नहीं, बल्कि हजारों गरीब, पिछड़े, अल्पसंख्यक, दलित, किसान और मजदूर परिवारों के बच्चों के बेहतर भविष्य का आधार है। उन्होंने कहा कि यह संस्थान शिक्षा, ज्ञान और सामाजिक उत्थान का महत्वपूर्ण केंद्र है।

ज्ञापन के माध्यम से समाजवादी पार्टी ने मांग की कि विश्वविद्यालय के संबंध में प्रस्तावित ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाए। साथ ही पूरे प्रकरण की निष्पक्ष, पारदर्शी और विधिसम्मत समीक्षा कराई जाए, ताकि किसी भी निर्दोष छात्र के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। पार्टी ने विश्वविद्यालय में अध्ययनरत हजारों छात्र-छात्राओं की शिक्षा और भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की।

सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने मामले में संवेदनशीलता नहीं दिखाई, तो पार्टी व्यापक जनआंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होगी।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें