गोण्डा, 23 जुलाई। जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए आयोजित कलेक्ट्रेट जनता दर्शन में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन के निर्देश पर एक शिकायतकर्ता को तत्काल राहत मिली। ग्राम बगुलही, तहसील सदर निवासी हजारी लाल पुत्र जोखू ने अपने हिस्से की भूमि का अंश निर्धारण न होने की शिकायत जिलाधिकारी से की थी।
शिकायतकर्ता ने बताया कि अंश निर्धारण लंबित होने के कारण उन्हें राजस्व संबंधी कार्यों में लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था और आवश्यक अभिलेख भी उपलब्ध नहीं हो पा रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित राजस्व अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई कर अंश निर्धारण की प्रक्रिया पूरी करने और शिकायतकर्ता को अद्यतन खतौनी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी के निर्देश के बाद तहसील सदर प्रशासन ने बिना विलंब आवश्यक राजस्व प्रक्रिया पूरी कर भूमि का अंश निर्धारण कराया। कार्रवाई पूरी होने के बाद जनता दर्शन के दौरान जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने स्वयं शिकायतकर्ता हजारी लाल को उनकी अद्यतन खतौनी सौंप दी।
समस्या का त्वरित समाधान होने पर शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी और तहसील प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय पर कार्रवाई से उन्हें बड़ी राहत मिली है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता दर्शन में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र व्यक्ति को समय पर न्याय और राजस्व संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।








