
नई दिल्ली। मालवीय नगर में हुए भीषण अग्निकांड के बाद विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने साकेत स्थित मैक्स सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल और अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) पहुंचकर उपचाराधीन घायलों का हालचाल जाना। इस हादसे में कई विदेशी नागरिक भी प्रभावित हुए हैं। अस्पताल में भर्ती पीड़ितों से मुलाकात के दौरान मंत्री ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की तथा मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

विदेश राज्य मंत्री ने कहा कि विदेश मंत्रालय प्रभावित विदेशी नागरिकों के दूतावासों के साथ लगातार संपर्क बनाए हुए है और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने डॉक्टरों, नर्सों और अस्पताल कर्मियों के समर्पित प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी तत्परता और उत्कृष्ट चिकित्सा सेवाओं से कई लोगों की जान बचाई जा सकी है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में बांग्लादेश, नेपाल, विभिन्न अफ्रीकी देशों तथा भारत के नागरिक भर्ती हैं, जिनकी समुचित चिकित्सा और देखभाल सुनिश्चित की जा रही है।

श्री सिंह ने अग्निकांड के दौरान साहसिक बचाव अभियान चलाने वाले पुलिसकर्मियों की भी प्रशंसा की और कहा कि उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि सरकार घायलों, प्रभावित परिवारों और बचाव कार्य में जुटे कर्मियों की हर आवश्यक सहायता के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर उन्होंने स्थानीय विधायक सतीश उपाध्याय तथा भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा राहत एवं बचाव कार्यों में दिए गए सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनकी त्वरित सहायता से प्रभावित लोगों तक समय पर राहत पहुंचाने में मदद मिली। उल्लेखनीय है कि इस अग्निकांड में मृतकों के निकटतम परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से 2 लाख रुपये तथा घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।





