गोंडा। शिक्षित बेरोजगार महिला एवं पुरुष अभ्यर्थियों को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड ने निःशुल्क स्वचालित आधुनिक दोना-पत्तल मेकिंग मशीन वितरण योजना शुरू की है। योजना के तहत पात्र अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 10 जून 2026 निर्धारित की गई है।जिला ग्रामोद्योग अधिकारी महेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए राशन कार्ड, आधार कार्ड, शैक्षिक योग्यता प्रमाण पत्र, पासपोर्ट आकार फोटो, आय प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र तथा जाति प्रमाण पत्र (यदि लागू हो) अपलोड करना अनिवार्य होगा। उन्होंने बताया कि योजना का उद्देश्य बेरोजगार युवाओं और कारीगरों को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है।
उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं ग्राम प्रधानों से अपील की है कि अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक पात्र युवाओं और कारीगरों का आवेदन 10 जून तक कराना सुनिश्चित करें। प्राप्त आवेदनों में से पात्र अभ्यर्थियों का चयन मुख्यालय लखनऊ द्वारा गठित चयन समिति के माध्यम से किया जाएगा।
योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी प्राप्त करने के लिए अभ्यर्थी जिला ग्रामोद्योग कार्यालय, 122 राजा मोहल्ला, उतरौला रोड, गोंडा में किसी भी कार्य दिवस पर संपर्क कर सकते हैं। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी ने पात्र अभ्यर्थियों से समय रहते आवेदन कर योजना का लाभ उठाने की अपील की है।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।







