चुनावी दस्तक: चौपाल में बरसी घोषणाओं की बारिश, विधायक बोले- “विपक्ष में हूं, विकास में नहीं”

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज/रायबरेली। विधानसभा चुनाव 2027 की आहट सुनते ही नेताओं के कदम गांवों की ओर मुड़ने लगे हैं। कोई सोशल मीडिया पर सक्रिय है तो कोई चौपाल सजाकर जनता का हाल पूछ रहा है। इसी कड़ी में बछरावां के समाजवादी पार्टी विधायक श्याम सुंदर भारती शनिवार को पूरे अचली गांव पहुंचे, जहां चौपाल लगी, समस्याएं सुनी गईं और घोषणाओं की झड़ी लग गई।हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित चौपाल में ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं की लंबी फेहरिस्त विधायक के सामने रख दी। विधायक ने भी देर न करते हुए मंदिर परिसर में हाईमास्ट लाइट लगाने की घोषणा कर दी और दावा किया कि एक सप्ताह के भीतर रोशनी गांव की तस्वीर बदलती नजर आएगी। इतना ही नहीं, भदिहा गांव के हनुमान और शिव मंदिरों के लिए भी हाईमास्ट लाइट का तोहफा दे दिया।

ग्रामीणों ने बताया कि विधायक पहले भी गांव को सीसी सड़क, हाईमास्ट और सोलर लाइटों की सौगात दे चुके हैं। ऐसे में चौपाल में मौजूद लोगों को उम्मीद रही कि इस बार भी कुछ न कुछ “विकास पैकेज” जरूर मिलेगा, और हुआ भी कुछ ऐसा ही।चौपाल में विधायक ने कहा कि वह विपक्ष के विधायक हैं, लेकिन विकास कार्यों में किसी तरह की राजनीति नहीं करते। उन्होंने कहा कि जनता ने जो भरोसा दिया है, उसका कर्ज विकास के जरिए उतारने का प्रयास कर रहे हैं।इस दौरान विधायक ने वर्षों से किसानों के लिए सिरदर्द बनी हंसवा ड्रेन का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने दावा किया कि उनकी लगातार पैरवी और संघर्ष के चलते ड्रेन की सफाई हुई है, जिससे अब बरसात में किसानों की फसलें जलभराव से बच सकेंगी।

ग्रामीणों ने नाली, इंटरलॉकिंग, खड़ंजा, सीसी रोड, सोलर और हाईमास्ट लाइट जैसी कई मांगें रखीं। कुछ मांगों पर मौके पर ही मुहर लग गई, जबकि बाकी को जल्द पूरा कराने का भरोसा दिया गया।चौपाल खत्म हुई तो ग्रामीणों के चेहरों पर संतोष दिखाई दिया। अब गांव में चर्चा इस बात की है कि हाईमास्ट की रोशनी पहले पहुंचेगी या चुनावी माहौल की चमक!

राजनीतिक जानकारों का कहना है कि चुनाव भले अभी दूर हों, लेकिन नेताओं की गांव-गांव चौपाल और विकास की घोषणाएं यह संकेत देने लगी हैं कि चुनावी बिसात बिछनी शुरू हो चुकी है।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

लोगों की निंदा से घबराकर, अपना रास्ता मत बदलना, क्योंकि सफलता शर्म से नहीं, साहस से मिलती है। हिन्द लेखनी न्यूज

Leave a Comment

और पढ़ें