
चंदापुर/रायबरेली। मऊ स्थित बैंक से काम निपटाकर घर लौट रही एक महिला सड़क हादसे का शिकार हो गई। डेपारमऊ गांव के निकट इन्हौना रोड पर शनिवार सुबह सवारियों से भरा ई-रिक्शा अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उसमें सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद ई-रिक्शा चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार डेपारमऊ गांव निवासी श्यामा देवी (40) पत्नी सोभे पासी शनिवार सुबह किसी कार्य से मऊ स्थित बैंक गई थीं। बैंक का काम पूरा करने के बाद वह अन्य सवारियों के साथ ई-रिक्शा से अपने गांव लौट रही थीं। इसी दौरान गांव के पास इन्हौना रोड पर अचानक ई-रिक्शा का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सड़क किनारे पलट गया।हादसे में श्यामा देवी ई-रिक्शा के नीचे दब गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और महिला को ई-रिक्शा के नीचे से बाहर निकाला। ग्रामीणों ने तत्काल डायल 112 पुलिस और एम्बूलेंस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची एम्बूलेंस की मदद से घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के तुरंत बाद ई-रिक्शा चालक घबराकर वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से फरार चालक की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Author: HIND LEKHNI NEWS
लोगों की निंदा से घबराकर, अपना रास्ता मत बदलना, क्योंकि सफलता शर्म से नहीं, साहस से मिलती है। हिन्द लेखनी न्यूज







