महाराणा प्रताप जयंती पर आयोजित हुआ भव्य समारोह, वक्ताओं ने युवाओं को दिए स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति के संदेश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कर्नलगंज/गोण्डा। वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती के अवसर पर शनिवार को कर्नलगंज स्थित डाक बंगला परिसर में भव्य एवं गरिमामयी समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मां वाराही न्यूज के बैनर तले किया गया, जिसकी अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार तेज प्रताप सिंह ने की तथा संचालन महादेव प्रसाद मौर्य ने किया। समारोह में क्षेत्र के शिक्षाविदों, अधिवक्ताओं, पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों की बड़ी संख्या में सहभागिता रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाराणा प्रताप के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. शेरबहादुर सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप भारतीय स्वाभिमान, साहस, शौर्य और राष्ट्रभक्ति के अमर प्रतीक थे। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप ने विपरीत परिस्थितियों में भी कभी आत्मसम्मान से समझौता नहीं किया और मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया।

वरिष्ठ पत्रकार तेज प्रताप सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि महाराणा प्रताप केवल एक वीर योद्धा ही नहीं बल्कि राष्ट्र चेतना के प्रेरणास्रोत भी थे। उन्होंने युवाओं से महाराणा प्रताप के संघर्ष, त्याग और आत्मसम्मान से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित में कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज जब अपने महापुरुषों के आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाता है तभी इतिहास जीवित रहता है।

कन्हैयालाल इंटर कॉलेज कर्नलगंज के प्रवक्ता राकेश सिंह ने महाराणा प्रताप, उनके वंशजों एवं रानी पद्मावती के ऐतिहासिक योगदान पर विस्तृत प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप ने घास की रोटियां खा लीं लेकिन कभी मुगलों के सामने आत्मसमर्पण नहीं किया। उनका जीवन संघर्ष, स्वाभिमान और देशभक्ति की सर्वोच्च मिसाल है। उन्होंने लोगों से संगठित होकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील की।

विशिष्ट अतिथि डॉ. अरुण कुमार सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन संघर्ष, आत्मबल और राष्ट्रभक्ति की अद्वितीय मिसाल है। उन्होंने युवाओं से उनके आदर्शों को आत्मसात कर समाज में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और स्वाभिमान की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ता त्रिलोकीनाथ तिवारी, अनिल श्रीवास्तव, खन्नू मिश्रा सहित अन्य वक्ताओं ने भी महाराणा प्रताप के जीवन चरित्र पर प्रकाश डाला। वहीं अधिवक्ता एवं कवि वीरेंद्र तिवारी ‘बेतुक’ ने अपनी ओजपूर्ण कविता के माध्यम से उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया।

कार्यक्रम के दौरान मां वाराही न्यूज के संस्थापक सुभाष सिंह द्वारा अतिथियों एवं विशिष्ट लोगों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान प्रशांत सिंह, नरेंद्र बहादुर सिंह, अजय प्रताप सिंह, राम बहादुर पांडे कानूनगो, अवधेश सिंह राठौर, विकास सिंह लेखपाल, अमरेंद्र सिंह, शुभम सिंह भटपुरवा, प्रियांशु सिंह, संतोष कुमार सिंह, रवि सिंह, राघवेंद्र प्रताप सिंह एवं महादेव प्रसाद मौर्य सहित 15 लोगों को “महाराणा प्रताप स्मृति सम्मान” से सम्मानित किया गया।

समापन अवसर पर सुभाष सिंह ने सभी अतिथियों, वक्ताओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य केवल महापुरुषों का स्मरण करना नहीं बल्कि समाज में प्रेरणा, संस्कार और राष्ट्र चेतना का संचार करना है।

कार्यक्रम में प्रियांशु प्रताप सिंह, शुभम सिंह, नरेंद्र सिंह अध्यापक, ज्वाला प्रसाद तिवारी, अखंड प्रताप सिंह, बबलू सिंह, राहुल सिंह, सुरेश वर्मा, सिद्धांत सिंह, अशोक सिंह, लल्ला सिंह, हारून, सुरेश दूबे, नितीश श्रीवास्तव, नकछेद सिंह, कुलदीप सिंह, सार्थक, सर्वेश श्रीवास्तव, रवि सिंह, संतोष सिंह, मोनू सिंह सहित सैकड़ों लोगों ने महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस टीम भी मुस्तैद रही।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

लोगों की निंदा से घबराकर, अपना रास्ता मत बदलना, क्योंकि सफलता शर्म से नहीं, साहस से मिलती है। हिन्द लेखनी न्यूज

Leave a Comment

और पढ़ें