







कर्नलगंज/गोण्डा। आवास विकास स्थित प्रेरणा पार्क में महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए नियमित रूप से संचालित योग शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर योगाचार्य सुधांशु द्विवेदी ने उपस्थित महिलाओं को विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया तथा योग के महत्व और उससे होने वाले लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
योग शिविर में उपस्थित योग साधकों ने पूरे उत्साह और ऊर्जा के साथ योगाभ्यास में भाग लिया। योगाचार्य सुधांशु द्विवेदी ने सभी योग साधकों को अपनी माताओं के हौसले और उनके हुनर की सराहना करने तथा उनसे प्रेरणा लेकर जीवन में आगे बढ़ने की सलाह दी।
इस दौरान महिलाओं के लिए विशेष रूप से लाभकारी योगासनों का अभ्यास कराया गया, जिनमें ताड़ासन, भुजंगासन, पूर्ण तितली आसन, सूर्य नमस्कार, सूक्ष्म व्यायाम और सिंहासन शामिल रहे। इसके साथ ही कपालभाति प्राणायाम और अनुलोम-विलोम प्राणायाम का भी अभ्यास कराया गया।
शिविर के अंत में योगाचार्य सुधांशु द्विवेदी ने कहा कि यदि नियमित रूप से योग किया जाए तो शरीर में ऊर्जा का संचार होता है और शरीर स्वस्थ रहता है। योगाभ्यास शरीर को रोगों से लड़ने की शक्ति देता है, जिससे हृदय रोग, मधुमेह और अस्थमा जैसी कई बीमारियों से बचाव संभव है। उन्होंने सभी लोगों से अपील की कि योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का अनिवार्य हिस्सा बनाएं।
इस अवसर पर कांति, मोनिका, नेहा, मनीषा, सरोज, ज्योति, शिल्पी श्रीवास्तव, आभा, अदिति, आकांक्षा, मनिका, नव्या सिंह, माधव, मांडवी, जया सहित कई लोग उपस्थित रहे।
Author: HIND LEKHNI NEWS
लोगों की निंदा से घबराकर, अपना रास्ता मत बदलना, क्योंकि सफलता शर्म से नहीं, साहस से मिलती है। हिन्द लेखनी न्यूज



