माँ पाटेश्वरी शक्ति संवाद में 11 महिलाओं की समस्याएं सुनी गईं, त्वरित निस्तारण के निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गोण्डा।

माँ पाटेश्वरी शक्ति संवाद कार्यक्रम के अंतर्गत सोमवार को मंडलायुक्त कार्यालय, गोण्डा में महिलाओं के लिए विशेष जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई में देवीपाटन मंडल के विभिन्न क्षेत्रों से पहुँची महिलाओं ने अपनी पारिवारिक, राजस्व, पुलिस एवं भूमि विवाद से संबंधित समस्याएं रखीं। कुल 11 महिलाओं ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं, जिन्हें मंडलायुक्त ने गंभीरता से सुना।

जनसुनवाई के दौरान महिलाओं द्वारा घरेलू विवाद, भूमि पर अवैध कब्जा, सीमांकन एवं पुलिस संबंधी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिलाओं से जुड़े मामलों में तत्काल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि महिलाओं की सुरक्षा एवं न्याय में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जनसुनवाई में पंतनगर क्षेत्र से अवैध कब्जे का मामला भी सामने आया। महिला फरियादी कुसुम सोनी ने बताया कि पंतनगर स्थित मकान संख्या 186/2, जो नगर पालिका अभिलेखों में उनके नाम दर्ज है, उस पर उनके भाई द्वारा अवैध रूप से कब्जा किया जा रहा है। फरियादी के अनुसार वह नियमित रूप से हाउस टैक्स जमा करती आ रही हैं, इसके बावजूद उनका मकान खाली नहीं किया जा रहा है। महिला ने गाली-गलौज एवं जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया। मंडलायुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को जांच कर विधिक कार्रवाई के निर्देश दिए।

इसी क्रम में अनुसूचित जाति के गरीब एवं भूमिहीन पट्टेदारों की भूमि सीमांकन से जुड़ा मामला भी जनसुनवाई में निस्तारित किया गया। अपर आयुक्त न्यायिक मीनू राणा ने बताया कि तहसील सदर अंतर्गत ग्राम फरेंदा शुक्ल निवासी शोभा देवी सहित दर्जनभर पट्टेदारों ने सीमांकन के लिए आवेदन किया था। बरसात के कारण खेतों की मेड़ समाप्त हो जाने से आसपास के किसानों द्वारा भूमि पर कब्जा कर लिया गया था, जिससे खेती प्रभावित हो रही थी।

मंडलायुक्त के निर्देश पर उप जिलाधिकारी सदर एवं तहसील प्रशासन द्वारा जांच कराते हुए संबंधित भूमि का सीमांकन पूर्ण कराया गया तथा सभी पट्टेदारों को मौके पर कब्जा दिलाया गया। प्रशासन ने कहा कि कमजोर एवं वंचित वर्गों से जुड़े मामलों में त्वरित एवं न्यायोचित कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है।

जनसुनवाई के अंत में मंडलायुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण कर फरियादियों को कार्यवाही की जानकारी दी जाए, जिससे आम जनता का प्रशासन पर विश्वास बना रहे।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

लोगों की निंदा से घबराकर, अपना रास्ता मत बदलना, क्योंकि सफलता शर्म से नहीं, साहस से मिलती है। हिन्द लेखनी न्यूज

Leave a Comment

और पढ़ें