यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट प्रयोगात्मक परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी, दो चरणों में होंगी परीक्षाएं

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

प्रयागराज। माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश (UPMSP) ने वर्ष 2026 की इंटरमीडिएट प्रयोगात्मक परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है। परिषद द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार प्रयोगात्मक परीक्षाएं दो चरणों में आयोजित की जाएंगी।

पहले चरण की परीक्षाएं 24 जनवरी 2026 से 01 फरवरी 2026 तक संपन्न होंगी। हालांकि 29 और 30 जनवरी 2026 को उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET) की लिखित परीक्षा होने के कारण इन तिथियों में प्रयोगात्मक परीक्षाएं नहीं कराई जाएंगी और विद्यालयों में शैक्षिक अवकाश घोषित रहेगा। प्रथम चरण में आगरा, सहारनपुर, बरेली, लखनऊ, झांसी, चित्रकूट, अयोध्या, आजमगढ़, देवीपाटन एवं बस्ती मंडल के अंतर्गत आने वाले जनपदों में परीक्षाएं आयोजित होंगी।

वहीं द्वितीय चरण की प्रयोगात्मक परीक्षाएं 02 फरवरी 2026 से 09 फरवरी 2026 तक आयोजित की जाएंगी। इस चरण में अलीगढ़, मेरठ, मुरादाबाद, कानपुर, प्रयागराज, मिर्जापुर, वाराणसी एवं गोरखपुर मंडल के जनपद शामिल किए गए हैं।

परिषद ने निर्देश दिए हैं कि प्रयोगात्मक परीक्षाएं पूरी पारदर्शिता एवं सीसीटीवी निगरानी में संपन्न कराई जाएंगी तथा परीक्षा से संबंधित अभिलेख सुरक्षित रखे जाएंगे। हाईस्कूल की प्रयोगात्मक परीक्षाएं विद्यालय स्तर पर आंतरिक मूल्यांकन (प्रोजेक्ट कार्य) के आधार पर कराई जाएंगी। निजी परीक्षार्थियों को अपने आवंटित केंद्र के प्रधानाचार्य से संपर्क कर परीक्षा में सम्मिलित होना होगा।

इसके अलावा हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की नैतिक शिक्षा, योग, खेल एवं शारीरिक शिक्षा के प्राप्तांक विद्यालय के प्रधानाचार्य द्वारा परिषद की वेबसाइट upmsp.edu.in पर ऑनलाइन अपलोड किए जाएंगे। प्राप्तांक अपलोड करने की प्रक्रिया 10 जनवरी 2026 से शुरू होगी।

परिषद ने यह भी स्पष्ट किया है कि कक्षा-12 की प्री-बोर्ड प्रयोगात्मक परीक्षाएं जनवरी 2026 के प्रथम सप्ताह में विद्यालय स्तर पर प्रधानाचार्यों द्वारा आयोजित कराई जाएंगी।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

लोगों की निंदा से घबराकर, अपना रास्ता मत बदलना, क्योंकि सफलता शर्म से नहीं, साहस से मिलती है। हिन्द लेखनी न्यूज

Leave a Comment

और पढ़ें