

गोण्डा के सभी 2879 बूथों पर मौजूद रहेंगे बीएलओ, नाम जुड़वाने, कटवाने और विवरण में सुधार के लिए लिए जाएंगे आवेदन
गोण्डा, 23 नवंबर। मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, नाम कटवाने अथवा मतदाता विवरण में संशोधन कराने का अवसर मिलने जा रहा है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत जनपद में 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान जिले के सभी सात विधानसभा क्षेत्रों के 2879 मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) उपस्थित रहकर मतदाताओं से दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन 17 नवंबर को किया जा चुका है। मतदाता सूची में नाम शामिल कराने एवं अन्य संशोधन के लिए दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक निर्धारित की गई है। इसी क्रम में 28 नवंबर (शनिवार) और 29 नवंबर (रविवार) को विशेष अभियान आयोजित किया जाएगा।
विशेष अभियान के दोनों दिनों में मतदेय स्थल वाले प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय, इंटर कॉलेज, महाविद्यालय तथा अन्य संबंधित कार्यालय खुले रहेंगे। संबंधित प्रधानाध्यापक, प्राचार्य एवं विभागाध्यक्ष बीएलओ को मेज-कुर्सी सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए उनके कार्यों में सहयोग करेंगे, ताकि मतदाता पुनरीक्षण का कार्य सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागाध्यक्षों एवं कार्यालयाध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि 28 और 29 नवंबर को मतदेय स्थल वाले भवनों को निर्धारित समय तक खुला रखा जाए। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, नाम हटवाने और विवरण में संशोधन के लिए निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है।
निर्वाचन विभाग के अनुसार विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को किया जाएगा।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।




