

पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य विभाग और एसडीआरएफ की टीमों ने दिखाया राहत एवं बचाव का कौशल, आमजन को आपदा से बचाव के प्रति किया जागरूक।
गोण्डा, 23 नवम्बर।जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के तत्वावधान में रविवार को शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज (टामसन) परिसर में ब्लैकआउट मॉक-ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान हवाई हमले जैसी संभावित आपात परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखा गया। सायरन बजते ही निर्धारित प्रक्रिया के तहत ब्लैकआउट लागू किया गया और अधिकारियों एवं संबंधित विभागों की टीमों ने आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया।

मॉक-ड्रिल के दौरान हवाई हमले की काल्पनिक स्थिति बनाकर विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों और त्वरित कार्रवाई का प्रदर्शन किया गया। अग्निशमन विभाग की टीम ने आग लगने की स्थिति में तत्काल नियंत्रण पाने का अभ्यास किया, जबकि राहत एवं बचाव दल ने भवन में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया। दुर्घटना में घायल लोगों को प्राथमिक उपचार देने और एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाने का भी अभ्यास कराया गया।

इस दौरान पुलिस, नागरिक सुरक्षा, अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, आपदा मित्र, एसडीआरएफ एवं स्वयंसेवकों की टीमों ने आपसी समन्वय के साथ राहत एवं बचाव कार्यों को अंजाम दिया। अधिकारियों ने ब्लैकआउट के दौरान अनावश्यक रोशनी से बचने, सुरक्षित स्थानों पर रहने, अफवाहों पर ध्यान न देने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के अभ्यास का उद्देश्य आपात परिस्थितियों में प्रशासनिक तैयारियों को परखने के साथ ही विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना है। मॉक-ड्रिल से संभावित चुनौतियों का पूर्व आकलन करने और राहत एवं बचाव कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलती है। साथ ही आमजन में आपदा के प्रति जागरूकता और सतर्कता बढ़ाना भी इसका प्रमुख उद्देश्य है।

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी प्रमोद झा, एआरटीओ प्रशासन आरसी भारतीय, जिला आपदा विशेषज्ञ राजेश श्रीवास्तव सहित अग्निशमन, स्वास्थ्य, नागरिक सुरक्षा, एसडीआरएफ एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
**कर्नलगंज से पवन देव सिंहकी रिपोर्ट।**
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।



