युवाओं को आत्मनिर्भर बनाकर समाज एवं राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का आह्वान

**कर्नलगंज, गोण्डा।** विकासखंड हलधरमऊ के अंतर्गत ग्राम पंचायत झौहना के बुधराम पुरवा में पांडव वंशीय बाबू रघुवीर शरण सेन स्मारक धर्मार्थ ट्रस्ट (पंजीकृत), बालपुर बाजार, गोण्डा की 35वीं बैठक सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बैठक में समाज को नशामुक्त बनाने, बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाने तथा युवाओं को आत्मनिर्भर बनाकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक का आयोजन बीडीसी निहालचंद सिंह ने किया, जबकि कुंवर जयसिंह सोमवंशी का संयोजन रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष शेर सिंह ने की। राष्ट्रीय महासचिव नागेंद्र प्रसाद सेन एवं जिलाध्यक्ष राम तेज सिंह की उपस्थिति में संगठन मंत्री राम मनोज सिंह ने मंच का संचालन किया।
बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा समाज की उन्नति का आधार है। प्रत्येक अभिभावक को अपने बच्चों को उचित शिक्षा दिलानी चाहिए, ताकि वे पढ़-लिखकर आत्मनिर्भर बनें और भविष्य में समाज का नेतृत्व कर सकें। उन्होंने कहा कि शिक्षित युवा ही बेहतर समाज और मजबूत राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
वक्ताओं ने समाज में बढ़ती नशाखोरी पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक और आर्थिक जीवन को प्रभावित करता है। इसलिए बच्चों और युवाओं को नशे से दूर रखकर उनमें अच्छे संस्कार, सकारात्मक विचार और आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करना आवश्यक है। समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने के लिए खान-पान, रहन-सहन और आचार-विचार में सकारात्मक बदलाव लाने का भी आह्वान किया गया।
युवाओं की भूमिका पर जोर देते हुए कहा गया कि आज का युवा ही देश का भविष्य है। युवाओं में नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना जरूरी है, क्योंकि युवा ही समाज की रीढ़ होते हैं। वक्ताओं ने कहा कि जिस दिशा में युवाओं के कदम बढ़ते हैं, उसी दिशा में समाज भी आगे बढ़ता है।
बैठक में तामसिक भोजन के त्याग और शाकाहार अपनाने की अपील भी की गई। वक्ताओं ने प्राकृतिक खाद्य पदार्थों को अपनाने तथा जीवों के प्रति दया और संवेदना का भाव रखने पर जोर दिया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य समाज में फैली नशाखोरी जैसी सामाजिक बुराइयों को समाप्त करना, शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और बच्चों को विकास एवं आत्मनिर्भरता के मार्ग से जोड़ना रहा।
इस अवसर पर हरिश्चंद्र सिंह, संतराम सिंह, निरंजन सिंह, शिव पूजन सिंह, राम लौटन सिंह, जगदंबा सिंह, जयसिंह, मंजीत सिंह, गोली सिंह सहित सैकड़ों महिला एवं पुरुष ग्रामीण उपस्थित रहे।
कर्नलगंज से पवनदेव सिंह की रिपोर्ट
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।








