सपा विधायक श्याम सुंदर भारती की पहल लाई रंग,

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सपा विधायक श्याम सुंदर भारती की पहल लाई रंग, कुशमहुरा-बलीपुर मार्ग के पुनर्निर्माण को मिली मंजूरी की राह

वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना में शामिल हुआ सड़क मरम्मत और निर्माण कार्य, ग्रामीणों को मिलेगी जर्जर मार्ग से राहत

महराजगंज/रायबरेली। विकासखंड महराजगंज क्षेत्र के कुशमहुरा, मोन, ज्योना सहित आसपास के गांवों के ग्रामीणों के लिए राहत भरी खबर है। लंबे समय से जर्जर सड़क की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद जगी है। समाजवादी पार्टी के बछरावां विधायक श्याम सुंदर भारती की पहल पर संबंधित मार्ग के क्षतिग्रस्त हिस्से की विशेष मरम्मत और शेष मार्ग के नव निर्माण को वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना में शामिल किया गया है।

वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने 6 अक्टूबर 2026 को पत्र जारी कर विधायक को इस संबंध में जानकारी दी है।

विधानसभा में उठाया था सड़क का मुद्दा

विधायक श्याम सुंदर भारती ने 5 अगस्त 2026 को विधानसभा अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश को नियम-301 के अंतर्गत सूचना देकर महराजगंज विकासखंड क्षेत्र में कुशमहुरा रोड से बलीपुर होते हुए पूरे रानी मजरे मुरैनी और चंदापुर रजबहा तक जाने वाले मार्ग की बदहाल स्थिति का मुद्दा उठाया था। उन्होंने बताया था कि इस सड़क का निर्माण कई वर्ष पहले भूमि सुधार निगम द्वारा कराया गया था, लेकिन देखरेख और मरम्मत के अभाव में सड़क जर्जर हो चुकी है। इससे ग्रामीणों को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है।

900 मीटर सड़क की होगी विशेष मरम्मत

मंत्री की ओर से भेजे गए पत्र के अनुसार, कुशमहुरा से बलीपुर तक लगभग 900 मीटर क्षतिग्रस्त सड़क को वित्तीय वर्ष 2026-27 की विशेष मरम्मत योजना के तहत जनपद की कार्ययोजना में शामिल किया गया है।

वहीं, बलीपुर से पूरे रानी मजरे मुरैनी होते हुए चंदापुर रजबहा तक लगभग 2.60 किलोमीटर लंबे शेष मार्ग का निर्माण मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत प्रस्तावित कार्ययोजना में शामिल किया गया है। इसमें लगभग 900 मीटर खड़ंजा और 1.70 किलोमीटर कच्चा मार्ग शामिल है।

निर्माण कार्य शुरू होने का इंतजार कर रहे ग्रामीण

सड़क की मरम्मत और पुनर्निर्माण की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्रीय ग्रामीणों में उम्मीद जगी है कि जल्द ही उन्हें बदहाल मार्ग से निजात मिलेगी। सड़क का निर्माण पूरा होने से आवागमन सुगम होने के साथ ही बरसात के दौरान होने वाली परेशानियों में भी कमी आने की संभावना है।

हालांकि, कार्ययोजना में शामिल होने के बाद अब ग्रामीणों की निगाहें निर्माण कार्य शुरू होने और उसे निर्धारित समय में पूरा कराने पर टिकी हैं।

फिलहाल, सड़क की समस्या को शासन स्तर तक पहुंचाने और उसके समाधान की दिशा में पहल करने के लिए सपा विधायक श्याम सुंदर भारती के प्रयास की क्षेत्र में सराहना हो रही है। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग इस योजना को धरातल पर उतारने के लिए कब तक निर्माण कार्य शुरू कराता है।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें