


बाराबंकी। जिले के निंदूरा ब्लॉक क्षेत्र के अमरसंडा गांव के अंसार नगर में संदिग्ध केमिकलयुक्त पानी पीने से मवेशियों की मौत का मामला सामने आया है। पानी पीने के बाद करीब 7 भैंसों की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक अन्य मवेशियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में स्थित एक फैक्ट्री से निकलने वाला केमिकलयुक्त पानी आसपास के जलस्रोत में पहुंच रहा है। इसी पानी को पीने के बाद मवेशियों की हालत बिगड़ी और देखते ही देखते कई भैंसों की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही संबंधित विभागों के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए लखनऊ से विशेषज्ञों की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने संदिग्ध पानी के नमूने लेकर उन्हें जांच के लिए भेज दिया है।
अधिकारियों के मुताबिक पानी में किस तरह का केमिकल मौजूद है और उससे मवेशियों की मौत हुई या नहीं, इसकी पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। वहीं, ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल प्रशासन और संबंधित विभागों की टीम पूरे मामले की जांच में जुटी है। जांच रिपोर्ट के बाद ही मवेशियों की मौत के वास्तविक कारण और फैक्ट्री से कथित केमिकलयुक्त पानी निकलने की सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।








