जाम-अतिक्रमण पर सख्त डीएम, जलनिकासी और बिजली व्यवस्था सुधारने के निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गोण्डा, 2 सितंबर। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में उद्योग बन्धु, व्यापार बन्धु एवं श्रम बन्धु की बैठक आयोजित हुई। बैठक में उद्यमियों, व्यापारियों और श्रमिकों की समस्याओं के साथ पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

 

बैठक में विभिन्न समस्याएं एवं सुझाव सामने आने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि समस्याओं के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

शहर में जाम और अतिक्रमण की समस्या को लेकर डीएम ने नगर मजिस्ट्रेट, एसडीएम और सीओ सिटी को संयुक्त रूप से प्रमुख मार्गों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। दुकानदारों को सड़क और पटरी पर सामान न रखने की हिदायत देने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।

 

जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए नगरपालिका गोण्डा के अधिशासी अधिकारी को बड़े नाले के निर्माण की कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया। वहीं विद्युत व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आपूर्ति और बिल व्यवस्था बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए।

 

डीएम ने ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत बिल जमा कराने के लिए विद्युत सखियों को और अधिक सक्रिय करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इससे उपभोक्ताओं को सुविधा मिलने के साथ विद्युत विभाग की राजस्व वसूली भी बेहतर होगी।

 

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा उद्योग, व्यापार एवं श्रम बन्धुओं के पदाधिकारी मौजूद रहे।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें