


मलबे में दबे बुजुर्ग को परिजनों ने कड़ी मशक्कत के बाद निकाला बाहर, अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टर ने मृत घोषित किया।

चन्दापुर रायबरेली।चन्दापुर थाना क्षेत्र के नया का पुरवा गांव में लगातार हो रही बारिश के बीच बुधवार की देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। कच्चे मकान में सो रहे 85 वर्षीय बुजुर्ग रघुनाथ पुत्र ननकाऊ के ऊपर अचानक कच्ची दीवार भरभराकर गिर गई। दीवार के मलबे में दबने से बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा रात करीब 12 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि रघुनाथ अपने कच्चे घर में सो रहे थे। इसी दौरान अचानक दीवार गिरने की तेज आवाज सुनकर बगल में सो रही उनकी पत्नी जाग गईं। पत्नी की चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में मलबा हटाकर बुजुर्ग को बाहर निकाला गया।
परिजन गंभीर रूप से घायल रघुनाथ को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) महराजगंज लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सक डॉ. पीयूष ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बुजुर्ग की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही बुधवार सुबह चन्दापुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद गांव में भी शोक की लहर है।
लगातार बारिश से कच्चे मकानों पर मंडरा रहा खतरा।
लगातार हो रही बारिश के कारण गांवों में कच्चे मकानों और जर्जर दीवारों के गिरने का खतरा बढ़ गया है। नया का पुरवा गांव में हुए इस हादसे ने एक बार फिर बारिश के मौसम में कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से ऐसे जर्जर और कच्चे मकानों का सर्वे कराकर जरूरतमंद परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।






