जलभराव से त्रस्त ग्रामीणों ने महराजगंज-हैदरगढ़ मार्ग किया जाम, प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज, रायबरेली। लगातार हो रही बारिश के चलते कोटवा मदनिया गांव में जलभराव की समस्या गंभीर हो गई है। गांव में पानी भरने से परेशान ग्रामीणों ने बुधवार को महराजगंज-हैदरगढ़ मार्ग जाम कर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने नारेबाजी करते हुए प्रशासन से तत्काल जल निकासी और प्रभावित परिवारों को राहत दिलाने की मांग की।

अनुपम जायसवाल की अगुवाई में बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर पहुंचे और आवागमन रोक दिया। ग्रामीणों का कहना है कि जलभराव के कारण गांव के रास्ते पूरी तरह प्रभावित हैं। लोगों को पैदल आने-जाने में भी परेशानी हो रही है। वहीं, पशुओं के लिए चारे का संकट खड़ा हो गया है। कई परिवारों के बच्चे और बुजुर्ग सुरक्षित स्थानों पर दूसरे लोगों के घरों में रहने को मजबूर हैं।

 

ग्रामीणों ने मांग की कि सक्षम अधिकारी मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लें और जल निकासी की तत्काल व्यवस्था कराने के साथ समस्या का स्थायी समाधान कराएं। साथ ही प्रभावित परिवारों और पशुओं के लिए राहत सामग्री व चारे की व्यवस्था की जाए।

 

सूचना मिलते ही एसडीएम चंद्र प्रकाश गौतम प्रशासनिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और स्थिति का जायजा लिया। एसडीएम ने आश्वासन दिया कि जलभराव की समस्या को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे तथा प्रभावित लोगों को हरसंभव राहत उपलब्ध कराई जाएगी।

 

अधिकारियों के मौके पर पहुंचने के बाद ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं विस्तार से बताईं और जल्द से जल्द जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें