फर्जी ट्रैप कार्रवाई के विरोध में लेखपालों ने किया कलम बंद, निष्पक्ष जांच की मांग।

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अयोध्या के सोहावल प्रकरण को लेकर आक्रोश, थाना दिवस का बहिष्कार कर तहसील में धरना-प्रदर्शन।

महराजगंज/रायबरेली। भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एसीओ), एंटी करप्शन एवं विजिलेंस की कथित गलत व दुर्भावनापूर्ण ट्रैप कार्रवाई के विरोध में उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ उपशाखा तहसील महराजगंज के पदाधिकारियों और लेखपालों ने शनिवार को एक दिवसीय कलम बंद हड़ताल कर धरना-प्रदर्शन किया। लेखपालों ने थाना दिवस का बहिष्कार करते हुए अयोध्या की तहसील सोहावल में लेखपाल उत्कर्षदीप के विरुद्ध हुई कार्रवाई की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग उठाई।

संघ की ओर से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी के माध्यम से भेजा गया। ज्ञापन में कहा गया कि लेखपाल राजस्व विभाग की महत्वपूर्ण कड़ी है और गांव-गांव जाकर भूमि संबंधी विवाद, पैमाइश, अतिक्रमण सहित शासन की योजनाओं से जुड़े कार्यों का निर्वहन करता है। कई बार भूमि विवाद अथवा नियमविरुद्ध कार्य कराने से इनकार करने पर संबंधित व्यक्ति या दलाल द्वारा रंजिश के चलते झूठी शिकायत किए जाने की आशंका रहती है।

लेखपाल संघ ने आरोप लगाया कि कई मामलों में शिकायत की वास्तविकता, शिकायतकर्ता की पृष्ठभूमि, उसकी रंजिश तथा लेखपाल के अधिकार क्षेत्र की पर्याप्त जांच किए बिना ट्रैप कार्रवाई किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। संघ ने 20 अगस्त को अयोध्या की तहसील सोहावल में लेखपाल उत्कर्षदीप के साथ हुई घटना का हवाला देते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

ज्ञापन में मांग की गई कि सोहावल प्रकरण की जांच पुलिस विभाग से स्वतंत्र किसी निष्पक्ष एजेंसी अथवा एसआईटी से कराई जाए। साथ ही सीसीटीवी फुटेज, वायरल वीडियो, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों, शिकायत और प्री-ट्रैप प्रक्रिया की भी जांच हो। संघ ने भविष्य में किसी भी लेखपाल के विरुद्ध ट्रैप कार्रवाई से पहले शिकायतकर्ता की पृष्ठभूमि, शिकायत के उद्देश्य, रंजिश तथा संबंधित कार्य में लेखपाल की वास्तविक भूमिका की जांच अनिवार्य किए जाने की मांग की।

संघ ने स्पष्ट किया कि वह भ्रष्टाचार का समर्थन नहीं करता और यदि कोई कर्मचारी रिश्वत मांगने या लेने का दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए। हालांकि, निजी रंजिश, षड्यंत्र या झूठी शिकायत के आधार पर किसी निर्दोष कर्मचारी को फंसाना स्वीकार नहीं किया जाएगा।

लेखपाल संघ ने एसीओ एवं विजिलेंस विभाग के लिए स्पष्ट और पारदर्शी स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) जारी करने, फर्जी शिकायत या दुर्भावनापूर्ण ट्रैप साबित होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा लेखपालों को भयमुक्त एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने की मांग की।

धरना-प्रदर्शन के दौरान संगठन के अध्यक्ष अवनीश प्रताप सिंह, मंत्री राजीव मिश्रा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार, कनिष्ठ उपाध्यक्ष विपिन कुमार मौर्या, संतोष पटेल, रणविजय सिंह, कोषाध्यक्ष सुशील कुमार, विवेक कुमार, दर्शिता श्री वास्तव सहित अन्य लेखपाल मौजूद रहे।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें