

महराजगंज, रायबरेली। सोमवार को महराजगंज तहसील में जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 37 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें सात शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। इस दौरान मोन गांव के ग्रामीणों ने आबादी के बीच संचालित सूअर बाड़े से फैल रही गंदगी और दुर्गंध की शिकायत जिलाधिकारी से करते हुए उसे हटवाने की मांग की।
ग्राम प्रधान श्याकला ग्रामीणों के साथ जिलाधिकारी के समक्ष पहुंचीं। उन्होंने बताया कि मोन गांव के पूरे कोट मोहल्ले में घनी आबादी के बीच कथित तौर पर अवैध रूप से सूअर बाड़ा संचालित किया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि जगदीश उर्फ लल्ला और उनके भाई गोपाल द्वारा करीब 125 सूअरों का पालन किया जा रहा है। इनमें से लगभग 50 सूअर खुले में गांव की गलियों और घरों के आसपास घूमते रहते हैं, जिससे जगह-जगह गंदगी फैल रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार फैल रही दुर्गंध और गंदगी के कारण उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कुछ परिवारों के गांव से बाहर रहने की बात भी ग्रामीणों ने प्रशासन के सामने रखी। उनका आरोप है कि इलाके में सफाई करने में सफाईकर्मियों को भी परेशानी होती है। ग्रामीणों ने सूअर बाड़े को आबादी से हटवाने की मांग की है।
शिकायतकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि सूअरों और गंदगी की शिकायत करने पर संबंधित लोग विवाद और मारपीट पर आमादा हो जाते हैं तथा एससी/एसटी एक्ट में फंसाने की धमकी देते हैं। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
आंगनबाड़ी केंद्र में पशु बांधने की शिकायत
समाधान दिवस में कैर गांव की आंगनबाड़ी कार्यकत्री आशादेवी ने भी शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव की एक महिला द्वारा आंगनबाड़ी केंद्र में बकरियां व अन्य पशु बांध दिए जाते हैं, जिससे केंद्र में गंदगी रहती है और बच्चों को परेशानी होती है। कार्यकत्री ने महिला पर अक्सर नशे की हालत में केंद्र पर आकर गाली-गलौज करने का भी आरोप लगाया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने एसडीएम को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। प्रशासनिक जांच के बाद ही दोनों मामलों में वास्तविक स्थिति स्प 18ष्ट हो सकेगी।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।








