


महराजगंज/रायबरेली। कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत रविवार को महराजगंज ब्लॉक सभागार में संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं केंद्रीय ऑब्जर्वर कुलदीप सिंह नागरा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ एआईसीसी ऑब्जर्वर नृपेंद्र मिश्र तथा पीसीसी ऑब्जर्वर उमेश सिंह भी मौजूद रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय ऑब्जर्वर कुलदीप सिंह नागरा ने कहा कि संगठन किसी भी राजनीतिक दल की रीढ़ होता है। मजबूत संगठन के बिना पार्टी को मजबूती नहीं मिल सकती। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और पूरी सक्रियता के साथ जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि पार्टी की मजबूती कार्यकर्ताओं की मेहनत पर निर्भर करती है। ऐसे में न्याय पंचायत, ग्राम और बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय करना संगठन सृजन अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।
बैठक के अंत में ब्लॉक अध्यक्ष सच्चिदानंद त्रिपाठी ने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता अपने-अपने बूथ को मजबूत करने के लिए पूरी तरह संकल्पित है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कार्यकर्ता पूरी मेहनत और लगन से कांग्रेस को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का कार्य करेंगे।
इस अवसर पर प्रदेश सचिव सुशील पासी, जिला उपाध्यक्ष प्रदीप चौधरी, जिला महासचिव कृपाशंकर शर्मा, ब्लॉक उपाध्यक्ष भरत मिश्रा, नगर अध्यक्ष अंकुर जायसवाल, हौसला प्रसाद तिवारी समेत ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, न्याय पंचायत एवं ग्राम स्तर के कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।







