गर्भवती की मौत के बाद बिना पंजीकरण संचालित अस्पताल सील, सीएमओ की बड़ी कार्रवाई

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बहराइच। जिले के विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र स्थित पुरैना मोड़ पर संचालित सुमन पाली क्लीनिक में गर्भवती महिला की कथित मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अस्पताल को सील कर दिया। अस्पताल के बिना पंजीकरण संचालित होने की बात सामने आने पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. संजय कुमार शर्मा ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

जानकारी के अनुसार, एक दिन पहले अस्पताल में एक गर्भवती महिला का कथित रूप से ऑपरेशन किया गया। आरोप है कि अस्पताल संचालकों ने परिजनों से 25 हजार रुपये लेने के बाद महिला की हालत गंभीर बताकर उसे गोंडा रेफर कर दिया। उपचार के दौरान गर्भवती की मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलने पर मृतका के पति ने पूरे मामले की शिकायत सीएमओ से की। शिकायत के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जांच की, जिसमें अस्पताल के बिना वैध पंजीकरण संचालित होने की बात सामने आई। इसके बाद सीएमओ डॉ. संजय कुमार शर्मा के निर्देश पर अस्पताल को सील कर दिया गया।

स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। यदि जांच में चिकित्सकीय लापरवाही या अन्य अनियमितताएं सामने आती हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें