
कर्नलगंज/गोंडा, 04 जून 2026। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने आईजी अमित पाठक, जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन एवं उपजिलाधिकारी नेहा मिश्रा के साथ कर्नलगंज तहसील क्षेत्र के चकरौत पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, यातायात प्रबंधन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

मंडलायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर चल रहे कार्यों की प्रगति से भी मंडलायुक्त को अवगत कराया।

इसके उपरांत मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल एवं जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने पंचायत भवन पैरौरी तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कर्नलगंज का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री के आगमन से पूर्व स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लेते हुए उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सेवाओं, साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता तथा अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।




