लखनऊ में लाल ब्रिगेड का प्रदर्शन: नशा और अपराध के खिलाफ बुलंद हुई जनता की आवाज़, सरकार से 12 सूत्रीय मांग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लखनऊ : राजधानी लखनऊ के हजरतगंज स्थित गांधी प्रतिमा पर शुक्रवार को लाल ब्रिगेड (एक्शन ग्रुप) द्वारा “नशा व अपराध मुक्त भारत” अभियान के तहत जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, महिलाएं और युवाओं ने एकजुट होकर नशे के बढ़ते प्रभाव और उससे उपज रहे अपराधों के खिलाफ आवाज़ बुलंद की।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे डॉ. प्रवीण, राष्ट्रीय अध्यक्ष – सनातन लाल ब्रिगेड ने कहा कि “शराब, स्मैक, चरस और गांजा जैसे नशीले पदार्थ लखनऊ में बेहद आसानी से मिल रहे हैं। इसकी वजह से युवा पीढ़ी का भविष्य अंधकार में डूबता जा रहा है। नशे के चलते सड़क दुर्घटनाओं, घरेलू हिंसा और बलात्कार जैसे अपराधों में इजाफा हुआ है।”

डॉ. प्रवीण ने बताया कि इस गंभीर समस्या को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक ज्ञापन भी भेजा गया है, जिसमें कुल 12 बिंदुओं पर कार्रवाई की मांग की गई है।

प्रमुख मांगे इस प्रकार हैं:

1. शराब व ड्रग्स से जुड़े अपराधों पर तत्काल रोक लगाई जाए।

2. अवैध शराब व ड्रग्स की बिक्री मिलने पर संबंधित थाना प्रभारी, CO व SP को जिम्मेदार माना जाए।

3. सप्ताह में मंगलवार और शुक्रवार को शराब की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध हो।

4. युवाओं को नशे से बचाने के लिए रोजगार की व्यवस्था की जाए।

5. स्कूल, कॉलेज और धार्मिक स्थलों से 100 मीटर की दूरी पर शराब व पान मसाले की दुकानें शिफ्ट की जाएं।

6. महिलाओं पर नशे की वजह से बढ़ते अत्याचारों पर कड़ी कार्रवाई हो।

7. शराब पीकर सार्वजनिक जगहों पर हंगामा करने वालों पर ₹5000 जुर्माना व 15 दिन की जेल हो।

8. जिला स्तर पर D.M. और S.S.P. के अंतर्गत SPO बनाकर नशामुक्ति अभियान चलाया जाए।

9. पान मसाला व तंबाकू से हो रही बीमारियों को देखते हुए इन पर पूर्ण प्रतिबंध लगे।

10. मुख्य मार्गों पर शराबबंदी से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जाए।

11. सरकारी व गैर-सरकारी संस्थानों में ‘नशा मुक्त भारत’ संकल्प अनिवार्य किया जाए।

12. किसी भी धार्मिक देवी-देवताओं के नाम पर नशीले उत्पादों के लाइसेंस जारी न किए जाएं।

महिलाएं बनीं आवाज़ की ताकत

प्रदर्शन में शामिल पूनम शर्मा ने कहा, “नशे की वजह से हजारों घर बर्बाद हो चुके हैं। महिलाएं सबसे अधिक पीड़ित हैं। नशे में धुत पति महिलाओं पर अत्याचार कर रहे हैं और अपराध बढ़ते जा रहे हैं।”

सहयोग में आए कई सामाजिक संगठन

इस जनआंदोलन में सनातन महासभा भारत, योग ज्योति इंडिया, अ०म० ब्रह्म समाज, फोरसी इंडिया फाउंडेशन, विनायक ग्रामोद्योग संस्थान, नन्दीग्राम सेवा ट्रस्ट, पनुन कश्मीर और संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल सहित कई संगठनों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

जनता का संदेश साफ: “नशे से मुक्ति चाहिए, विकास की राह पर देश बढ़े”

लाल ब्रिगेड द्वारा शुरू किया गया यह अभियान आने वाले समय में एक बड़ा जनांदोलन बन सकता है। अब निगाहें सरकार की ओर हैं कि क्या वह इस गंभीर सामाजिक समस्या के समाधान के लिए ठोस कदम उठाएगी या नहीं।

Hind Lekhni News
Author: Hind Lekhni News

"पत्रकारिता में सच्चाई लिखना जिम्मेदारी और साहस का काम है। जितनी खबरें, उतनी चुनौतियां और विरोधी भी बनते हैं, इसलिए सहिष्णुता, धैर्य और संतुलित सोच के साथ ही इस रास्ते पर आगे बढ़ना चाहिए" "मेरा अनुभव" अधिक न्यूज पढ़ने के लिए आज ही सर्च करें,(HIND LEKHNI NEWS)

Leave a Comment

और पढ़ें