महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शारदीय नवरात्र के अवसर पर चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत शुक्रवार को थाना महराजगंज स्थित मिशन शक्ति केंद्र पर जागरूकता एवं सम्मान सम्मेलन का आयोजन किया गया। मुख्यालय महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में पारिवारिक प्रकरणों का सफलतापूर्वक निस्तारण कराने वाले मामलों से जुड़े शिकायतकर्ताओं, उनके अभिभावकों और परिजनों को आमंत्रित किया गया।
सम्मेलन में उपस्थित महिलाओं को मिशन शक्ति केंद्र की कार्यप्रणाली, महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के साथ ही पारिवारिक विवादों के समाधान में पुलिस की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इसके साथ ही साइबर अपराध, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, साइबर बुलिंग तथा ऑनलाइन ठगी से बचाव और रोकथाम के उपायों के प्रति जागरूक किया गया।
पुलिस कार्रवाई का लिया फीडबैक, फूल-मालाओं से किया सम्मान
कार्यक्रम के दौरान संबंधित आवेदकों एवं आवेदिकाओं की दोबारा काउंसलिंग की गई। उनसे पारिवारिक प्रकरणों में पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई और समाधान को लेकर फीडबैक भी लिया गया। पुलिस की ओर से की गई पहल और सहयोग के क्रम में उपस्थित शिकायतकर्ताओं एवं उनके परिजनों को फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करना, पारिवारिक विवादों का संवाद एवं काउंसलिंग के माध्यम से समाधान बढ़ावा देना तथा पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा।
इस कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी उपनिरीक्षक लालजी यादव, महिला आरक्षी चारु शर्मा, महिला आरक्षी साधना सचान, आरक्षी संदीप कुमार यादव, आरक्षी अनुज कुमार तथा आरक्षी जयवीर सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।









