


महराजगंज (रायबरेली)। कोतवाली महराजगंज क्षेत्र के मोन गांव निवासी 23 वर्षीय युवक के पिछले करीब दो सप्ताह से लापता होने का मामला सामने आया है। बेटे से संपर्क नहीं होने के बाद मां और अन्य परिजन लगातार उसकी तलाश में भटक रहे हैं। काफी खोजबीन के बावजूद कोई सुराग न मिलने पर परिजनों ने महराजगंज कोतवाली में गुमशुदगी की तहरीर देकर पुलिस से युवक की तलाश कराने की गुहार लगाई है।

जानकारी के मुताबिक मोन गांव निवासी शिवबक्श सिंह के तीन बेटों में सबसे छोटा मोहित सिंह (23) दिल्ली में रहकर प्राइवेट नौकरी करता था। परिजनों के अनुसार करीब चार महीने पहले मोहित दिल्ली जाने के लिए घर से निकला था। इसके बाद 20 अगस्त 2026 को उसने फोन कर परिजनों से बातचीत की थी। इस दौरान मोहित ने बताया था कि वह बैंगलोर शहर पहुंच गया है।
मोहित की मां राजरानी के मुताबिक जिस नंबर से बेटे ने फोन किया था, वह बैंगलोर का नंबर था। बातचीत के बाद से मोहित से दोबारा संपर्क नहीं हो सका। परिजनों ने उक्त मोबाइल नंबर पर भी कई बार संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
बेटे की कोई खबर न मिलने से मां राजरानी समेत पूरा परिवार परेशान है। परिजनों ने रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर भी काफी तलाश की, लेकिन मोहित का कोई पता नहीं चल सका। आखिरकार थक-हारकर परिजनों ने महराजगंज कोतवाली पहुंचकर गुमशुदगी की तहरीर दी और पुलिस से जल्द से जल्द युवक की तलाश कर उसे सकुशल घर वापस लाने की गुहार लगाई है।
परिजनों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है और उन्हें बेटे के सकुशल मिलने की उम्मीद है। पुलिस द्वारा मामले की जांच कर युवक की तलाश शुरू किए जाने की बात कही जा रही है।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।








