जन्माष्टमी पर गौ संरक्षण केंद्र में हुआ पूजन, गोवंशों को खिलाया केला-गुड़

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बिरवा बभनी केंद्र में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, गोसेवा और संरक्षण का दिया संदेश।

गोण्डा, 04 सितम्बर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर विकासखंड झंझरी के ग्राम बिरवा बभनी स्थित बृहद गौ संरक्षण केंद्र में श्रद्धा एवं उल्लास के साथ पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में गोवंशों के प्रति सेवा, संरक्षण और संवेदना का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, ग्राम पंचायत सचिव, ग्राम प्रधान सहित अन्य संबंधित लोगों ने विधिवत पूजन-अर्चन किया। इस दौरान भगवान श्रीकृष्ण के गोप्रेम का स्मरण करते हुए गोवंशों की सेवा एवं संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला गया। उपस्थित लोगों ने निराश्रित गोवंशों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।

जन्माष्टमी के अवसर पर गौ संरक्षण केंद्र में संरक्षित गोवंशों को विशेष रूप से केला और गुड़ खिलाया गया। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने स्वयं गोवंशों को केला-गुड़ खिलाकर गोसेवा की। इस दौरान केंद्र में गोवंशों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए उनके खान-पान, स्वच्छता और स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपरा में गोवंशों का विशेष स्थान है। गोसेवा केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनशीलता और सामाजिक दायित्व का भी प्रतीक है। गौ संरक्षण केंद्रों के माध्यम से निराश्रित एवं असहाय गोवंशों को सुरक्षित आश्रय, चारा और आवश्यक देखभाल उपलब्ध कराई जा रही है।

मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि केंद्र में गोवंशों के लिए चारा-पानी, साफ-सफाई और स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाएं लगातार सुचारु रखी जाएं। साथ ही गोवंशों की नियमित निगरानी तथा जरूरत पड़ने पर तत्काल उपचार सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम में ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सचिव, गौ संरक्षण केंद्र के कर्मचारी एवं अन्य संबंधित लोग मौजूद रहे।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें