बाढ़ प्रभावित गांवों में पहुंचे मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, राहत कार्यों का लिया जायजा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ग्रामीणों ने उठाई सड़क ऊंची कराने की मांग, जल निकासी के लिए पुलिया निर्माण पर दिया जोर

महराजगंज/रायबरेली। बाढ़ की विभीषिका से जूझ रहे ग्रामीण इलाकों का शुक्रवार को उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री स्वतंत्र प्रभार दिनेश प्रताप सिंह ने स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने तहसील महराजगंज क्षेत्र के लालगंज मजरे मोन, जियापुर और कोटवा मदनिया ग्राम पंचायत पहुंचकर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों और किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा राहत एवं बचाव कार्यों की जमीनी हकीकत परखी।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित प्रत्येक परिवार तक राहत सामग्री समय से पहुंचाई जाए। राहत केंद्रों पर भोजन, पेयजल, स्वच्छता और स्वास्थ्य सेवाओं सहित सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने बाढ़ प्रभावित किसानों और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा सरकार की योजनाओं के माध्यम से पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद दिलाने का भरोसा दिया। उन्होंने जरूरत वाले स्थानों पर सुरक्षित रैन बसेरों की व्यवस्था कराने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।

ग्रामीणों ने सड़क ऊंची कराने की मांग उठाई

कोटवा मदनिया गांव में ग्रामीणों और ग्राम प्रधान ने बाढ़ से राहत के लिए सड़क को ऊंचा कराने की लिखित मांग मंत्री के समक्ष रखी। इस पर मंत्री दिनेश प्रताप सिंह के कथित जवाब—“यदि आप लोग गांव ऊंचा करवा दो, तो हम सड़क ऊंची करवा देंगे।”—को लेकर मौके पर चर्चा शुरू हो गई।

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में हर वर्ष बाढ़ और जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है, ऐसे में इसका स्थायी समाधान किया जाना जरूरी है। वहीं मंत्री ने कहा कि केवल सड़क ऊंची करने से समस्या का समाधान नहीं होगा। जल निकासी के लिए आवश्यक स्थानों पर पुलिया और ड्रेन व्यवस्था विकसित करनी होगी, क्योंकि कई स्थानों पर सड़क ही पानी की निकासी में बाधा बन रही है।

मूंगताल ड्रेन की सफाई और फसल नुकसान के मुआवजे का भरोसा

दौरे के दौरान पत्रकारों ने मंत्री से मूंगताल ड्रेन की सफाई को लेकर सवाल किया। इस पर उन्होंने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों से सीख लेते हुए बारिश के बाद मूंगताल ड्रेन की सफाई पूरी गुणवत्ता के साथ कराई जाएगी।

मंत्री ने मीडिया के माध्यम से बाढ़ प्रभावित किसानों को भरोसा दिलाया कि जिन किसानों की फसलें बाढ़ से प्रभावित हुई हैं, उनके नुकसान का मुआवजा दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान लालगंज मजरे मोन और कोटवा मदनिया में मंत्री ने बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर सरकार की ओर से भेजी गई राहत किट भी वितरित की। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार नजर रखने और जरूरतमंद परिवारों तक तत्काल सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर महराजगंज एसडीएम चंद्र प्रकाश गौतम, क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार सहित पुलिस-प्रशासन एवं स्थानीय प्रशासनिक अमला मौजूद रहा।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें