जर्जर छप्पर गिरने से चार लोग मलबे में दबे, महिला गंभीर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज, रायबरेली। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नाथगंज मजरे समसपुर हलोर में लगातार हो रही बारिश के बीच जर्जर कच्चे मकान का छप्पर अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में एक ही परिवार के चार लोग मलबे के नीचे दब गए। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला। हादसे में 65 वर्षीय निर्मला पत्नी राम प्यारे गंभीर रूप से घायल हो गईं। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रायबरेली रेफर कर दिया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, निर्मला पत्नी राम प्यारे का कच्चा मकान पहले से ही जर्जर हालत में था। मकान की स्थिति खराब होने के कारण दंपती छप्पर के नीचे रहकर गुजर-बसर कर रहे थे। राम प्यारे दिव्यांग बताए जा रहे हैं। लगातार बारिश के कारण छप्पर और कमजोर हो गया था।

बताया गया कि 1 अगस्त की रात करीब एक बजे परिवार के लोग छप्पर के नीचे सो रहे थे। इसी दौरान अचानक छप्पर का एक हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा। मलबे में राम प्यारे, उनकी पत्नी निर्मला, उनकी बेटी और दामाद दब गए। छप्पर गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी प्रयास के बाद सभी को मलबे से बाहर निकाला।

इसके बाद घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महराजगंज पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने निर्मला की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रायबरेली रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार, निर्मला के सीने में गंभीर चोटें आई हैं। अन्य घायलों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

एसडीएम चंद्र प्रकाश गौतम ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर राजस्व टीम को मौके पर भेजकर जांच कराई जा रही है। पीड़ित परिवार की स्थिति का आकलन कराया जाएगा और नियमानुसार जो भी राहत एवं सहायता संभव होगी, वह उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही क्षेत्र में बारिश के कारण जर्जर मकानों को लेकर भी लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए जा रहे हैं।

परिजनों का कहना है कि परिवार लंबे समय से जर्जर कच्चे मकान में रहने को मजबूर है। लगातार बारिश के कारण मकान और छप्पर की स्थिति बेहद खराब हो गई थी। घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने के साथ ही सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने की मांग की है।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें