गोंडा में युवक की संदिग्ध मौत से सनसनी, परिजनों ने हत्या का आरोप लगाकर किया हाईवे जाम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मृतक राहुल की फाइल photo
मृतक राहुल की फाइल फोटो

कर्नलगंज, गोंडा। कोतवाली कर्नलगंज क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए मंगलवार को गोंडा-लखनऊ हाईवे पर शव रखकर प्रदर्शन किया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक राहुल कश्यप (22 वर्ष) पुत्र पप्पू कश्यप, निवासी बोटन पुरवा, सकरौरा ग्रामीण, थाना कर्नलगंज, जनपद गोंडा था। राहुल भवन निर्माण कार्य में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।

परिजनों का आरोप है कि राहुल के मौसेरे भाई पंकज निवासी डुड़ही असरना तथा अन्य अज्ञात लोगों ने रुपये के लेन-देन के विवाद में उसकी हत्या कर दी। आरोप है कि हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को कर्नलगंज के ब्रह्मचारी बाबा स्थान पिपरी के निकट गोंडा-लखनऊ रेल मार्ग पर लिटा दिया गया।

मृतक के परिजनों के मुताबिक राहुल ने आरोपी से लगभग एक लाख रुपये उधार लिए थे, जिसे वह वापस कर चुका था। इसके बावजूद आरोपी पक्ष द्वारा ब्याज की मांग की जा रही थी। परिजनों का आरोप है कि ब्याज की रकम न देने पर उसकी हत्या कर दी गई। वहीं परिजनों का यह भी कहना है कि घटना वाली शाम राहुल के मौसेरे भाई पंकज ने फोन करके उसे घर से बुलाया था।जानकारी के अनुसार राहुल का शव 8 जून 2026 को रेलवे लाइन के किनारे पड़ा मिला था। शव मिलने के बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार शाम करीब चार बजे जब शव गांव पहुंचा तो आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने पिपरी ब्रह्मचारी बाबा स्थान के पास गोंडा-लखनऊ हाईवे पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

प्रदर्शन की सूचना मिलने पर कोतवाली प्रभारी कर्नलगंज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया तथा मामले में निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद पुलिस ने सड़क खाली कराकर यातायात बहाल कराया और शव को अंतिम संस्कार के लिए घर भिजवाया।

हालांकि परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। उनका कहना था कि जब तक नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक वे मृतक का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।मृतक अपने पीछे पिता, 18 वर्षीय छोटे भाई रवि तथा तीन बहनों को छोड़ गया है। इनमें से एक बहन का विवाह हो चुका है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें