







बालपुर/गोंडा। देहात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत नारायनपुर मर्दन गांव में रविवार रात एक 23 वर्षीय बीएससी एग्रीकल्चर के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्र निर्माणाधीन मकान की दूसरी मंजिल पर शटरिंग से लटका मिला। परिजन उसे तुरंत गोंडा मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान मोहित चतुर्वेदी के रूप में हुई है, जो लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय में बीएससी एग्रीकल्चर द्वितीय सेमेस्टर का छात्र था। बताया जा रहा है कि पढ़ाई को लेकर पिता की डांट से वह नाराज था। इसके बाद वह निर्माणाधीन मकान की दूसरी मंजिल पर चला गया, जहां कुछ देर बाद बल्ली गिरने की आवाज सुनकर परिजन ऊपर पहुंचे तो उसे शटरिंग से लटका पाया।
परिजनों ने तुरंत उसे नीचे उतारा और बिना पुलिस को सूचना दिए गोंडा मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक मोहित अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके बड़े भाई का नाम त्रिशूलधारी चतुर्वेदी और दूसरे भाई का नाम गदाधारी चतुर्वेदी बताया गया है। पिता अमरीश चतुर्वेदी खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
देहात कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि परिवार के लोग पहले बिना सूचना दिए युवक को अस्पताल ले गए थे। बाद में जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। नगर कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।
Author: HIND LEKHNI NEWS
लोगों की निंदा से घबराकर, अपना रास्ता मत बदलना, क्योंकि सफलता शर्म से नहीं, साहस से मिलती है। हिन्द लेखनी न्यूज







