तालाब की सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण का विरोध करने पर परिवार पर हमला, तीन घायल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कटरा बाजार, गोण्डा। थाना क्षेत्र के नगर पंचायत कटरा बाजार के पठान टोला मोहल्ले में तालाब की सरकारी भूमि पर अवैध निर्माण को लेकर विवाद बढ़ गया। अवैध कब्जे का विरोध करने पर दबंगों द्वारा एक परिवार पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है, जिसमें तीन लोग घायल हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार पठान टोला स्थित तालाब की सरकारी जमीन पर कुछ लोगों द्वारा कथित रूप से अवैध निर्माण कराया जा रहा था। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने इसे सरकारी भूमि बताते हुए निर्माण कार्य का विरोध किया। आरोप है कि विरोध करने पर दबंगों ने गाली-गलौज करते हुए ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया।

हमले में एक व्यक्ति के सिर पर गंभीर चोट लगने से सिर फट गया, जबकि दो अन्य लोगों के हाथों में चोटें आई हैं। घायलों का उपचार स्थानीय स्तर पर कराया गया है।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना की सूचना देने के बावजूद स्थानीय पुलिस ने उनका मेडिकल नहीं कराया और न ही आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई की। पीड़ितों का यह भी कहना है कि पहले उन्हें थाने से भगा दिया गया और बाद में एक पीड़ित को ही थाने में बैठा लिया गया, जिससे परिवार में आक्रोश व्याप्त है।

पीड़ित परिवार ने पुलिस पर दबंगों को संरक्षण देने तथा तालाब की सरकारी भूमि पर अवैध निर्माण को बढ़ावा देने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

पीड़ितों ने उच्चाधिकारियों से निष्पक्ष जांच कराकर तालाब की सरकारी भूमि पर हो रहे अवैध निर्माण को रुकवाने और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

लोगों की निंदा से घबराकर, अपना रास्ता मत बदलना, क्योंकि सफलता शर्म से नहीं, साहस से मिलती है। हिन्द लेखनी न्यूज

Leave a Comment

और पढ़ें